
सरगांव, छत्तीसगढ़
आस्था और परंपरा का प्रतीक भगवान जगन्नाथ की रथ यात्रा आज नगर पंचायत सरगांव में भव्य रूप से संपन्न हुई। प्रतिवर्ष की भांति इस वर्ष भी श्रद्धालुओं ने भारी बारिश के बावजूद पूरे भक्तिभाव से यात्रा में भाग लिया।
बारिश में भी जारी रही यात्रा
रथ यात्रा का शुभारंभ नगर पंचायत सरगांव से किया गया। सुबह से हो रही मूसलाधार बारिश के बीच श्रद्धालुओं ने तंबू से रथ को ढककर आगे बढ़ाया। भीगते हुए भी भक्तजन हरि कीर्तन और पूजा-पाठ करते हुए रथ के साथ चलते रहे। “जय जगन्नाथ” और “जय श्री कृष्ण” के जयकारों से पूरा नगर गूंज उठा।
यात्रा मार्ग
रथ यात्रा सरगांव के मुख्य मार्गों से होते हुए प्राचीन धूमेश्वरी मंदिर, महामाया मंदिर, भक्त माता कर्मा मंदिर और ब्रह्मदेव मंदिर सहित नगर के प्रमुख धार्मिक स्थलों का भ्रमण करती हुई राधा कृष्ण मंदिर में पहुंचकर संपन्न हुई। मार्ग में जगह-जगह महिलाओं और युवाओं ने पुष्प वर्षा कर भगवान का स्वागत किया।
सैकड़ों भक्त हुए शामिल
यात्रा में राधा कृष्ण मंदिर के पुजारी पंडित अजय प्रसाद गौराहा, पंडित बृजेश शर्मा, पंडित मार्कंडेय गौराहा, बलदाऊ वर्मा, कृष्णा साहू, रोहित साहू, रामायण साहू कमलेश अग्रवाल शरद यादव नरेंद्र साहू सहित सैकड़ों की संख्या में भक्तजन उपस्थित रहे।
महाप्रसाद के साथ हुआ समापन
यात्रा के समापन पर राधा कृष्ण मंदिर में विशेष पूजा-अर्चना की गई और भक्तों के बीच महाप्रसाद का वितरण किया गया। आयोजकों ने नगरवासियों के सहयोग के लिए आभार व्यक्त किया।
आयोजन समिति ने कहा कि भगवान जगन्नाथ की कृपा से नगर में सुख, शांति और समृद्धि बनी रहे।





