रात 9:30 बजे भी जारी रही गौ सेवा, संयुक्त टीम ने सरगांव में घायल नंदी बाबा की बचाई जान


पथरिया- गौ सेवा के प्रति समर्पण की मिसाल उस समय देखने को मिली, जब रात करीब 9:30 बजे भी नगर पंचायत सरगांव की टीम, नेशनल हाईवे (NH) की टीम, गौ सेवा आयोग की टीम, वेटरनरी विभाग तथा बजरंग दल के कार्यकर्ता घायल गौवंश की सेवा में जुटे रहे।
मामला NH-130 रायपुर-बिलासपुर रोड, सरगांव बायपास के पास का है। यहां एक बड़े नंदी बाबा का सड़क दुर्घटना में घायल होने के बाद वह गंभीर अवस्था में बीच सड़क पर पड़ा हुआ था। सूचना मिलते ही नगर पंचायत सरगांव, नेशनल हाईवे की टीम, गौ सेवा आयोग, वेटरनरी विभाग एवं बजरंग दल के सदस्य तत्काल मौके पर पहुंचे और संयुक्त रूप से रेस्क्यू कार्य शुरू किया।
शुरुआत में नंदी बाबा की गंभीर हालत देखकर ऐसा प्रतीत हो रहा था कि उसके बचने की संभावना बेहद कम है। इसके बावजूद सभी टीमों ने तत्परता दिखाते हुए नंदी बाबा को सुरक्षित रूप से सड़क के किनारे पहुंचाया और वेटरनरी विभाग की टीम द्वारा तत्काल उपचार शुरू कराया गया।
समय पर मिले उपचार और लगातार देखरेख के बाद नंदी बाबा की स्थिति में सुधार आया और वह सुरक्षित हो गया। इस संयुक्त प्रयास से एक बेजुबान गौवंश की जान बचाई जा सकी।
इस पूरे कार्य में नगर पंचायत सरगांव की टीम, नेशनल हाईवे (NH) की टीम, गौ सेवा आयोग की टीम, वेटरनरी विभाग तथा बजरंग दल के कार्यकर्ताओं की महत्वपूर्ण भूमिका रही। रात के समय भी सभी का मौके पर मौजूद रहकर गौ सेवा में जुटना निश्चित रूप से सराहनीय और प्रेरणादायक कार्य है।
गौ सेवा के लिए समय नहीं, समर्पण जरूरी
रात 9:30 बजे भी सभी टीमों का एकजुट होकर घायल नंदी बाबा की मदद के लिए पहुंचना यह संदेश देता है कि गौ सेवा केवल एक जिम्मेदारी नहीं, बल्कि मानवता और संवेदना का कार्य है। विभागों और सामाजिक संगठनों के इस संयुक्त प्रयास की स्थानीय लोगों ने भी सराहना की।




