रायपुर

पुरानी बस्ती में मजदूर की फावड़े से हत्या, पुलिस जांच में जुटी

रायपुर: राजधानी रायपुर में 24 घंटे के भीतर तीन लोगों की हत्या कर दी गई है। ताजा मामला पुरानी बस्ती थाना क्षेत्र का है, जहां मंगलवार रात करीब साढ़े 10 बजे पैसों के विवाद के बाद एक युवक ने अपने ही साथी की फावड़ा मारकर हत्या कर दी।

पुलिस के अनुसार, विनायक सिटी में मजदूरी का काम करने वाले संतोष कुमार (40 साल) और नोहर मानिकपुरी (23 साल) साथ में ही रहते थे। मंगलवार रात दोनों ने खाना खाने के बाद साथ बैठकर शराब पी। इसी दौरान दोनों के बीच पैसों को लेकर तीखी बहस हो गई।

बहस के दौरान संतोष ने नोहर पर तंज कसते हुए कहा कि ‘कमाई के कुछ पैसे घर भी भेज दिया कर’ ये बात नोहर को चुभ गई। इसके बाद दोनों के बीच गाली-गलौज और हाथापाई शुरू हो गई। इस बीच नोहर ने संतोष का गला दबा दिया और पास ही पड़े फावड़े से उसके सिर पर कई वार दिए। इस हमले में संतोष का सिर फट गया और मौके पर ही उसकी मौत हो गई।

शोरगुल सुनकर जब आस-पास के मजदूर मौके पर पहुंचे तो नोहर अपने साथी संतोष के शव के पास ही बैठा हुआ था। इसके बाद पूरे मामले की जानकारी पुलिस को दी गई। मौके पर पहुंचकर पुरानी बस्ती पुलिस की टीम ने आरोपी को हिरासत में ले लिया है। पूछताछ में पता चला है कि दोनों मजदूर यहां पर अकेले ही रहते थे। पुलिस ने लाश को पोस्टमॉर्टम के लिए अस्पताल भेज दिया है।

Brajesh Sharma

bsnewssargoan.in छत्तीसगढ़ आधारित न्यूज़ पोर्टल है, जो राजनीति, शिक्षा, खेल, मनोरंजन और स्थानीय खबरों की ताज़ा व विश्वसनीय जानकारी प्रदान करता है।

Leave a Reply

Back to top button